वीडी शर्मा की अध्यक्षी रहेगी बरकरार

लोकसभा चुनाव में क्लीन स्वीप का मिलेगा इनाम भोपाल । केंद्र में सरकार बनने के बाद अब भाजपा संगठन चुनाव में जुटेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल…

वीडी शर्मा की अध्यक्षी रहेगी बरकरार

लोकसभा चुनाव में क्लीन स्वीप का मिलेगा इनाम

भोपाल । केंद्र में सरकार बनने के बाद अब भाजपा संगठन चुनाव में जुटेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल भी 30 जून को समाप्त हो रहा है। उनको मोदी सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद अब जल्द ही सदस्यता अभियान के साथ पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हो सकती है। भाजपा का सदस्यता अभियान जुलाई से आरंभ हो सकता है। पार्टी ने इसकी तैयारी आरंभ कर दी है। संभव है कि सदस्यता अभियान के बाद बूथ कमेटी, मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी दिसंबर तक पूरी कर ली जाए। गौरतलब है कि भाजपा संगठन का चुनाव वर्ष 2023 में ही प्रस्तावित था, लेकिन मप्र सहित कुछ राज्यों के विधानसभा और 2024 में लोकसभा चुनाव के कारण संगठन चुनाव को आगे बढ़ा दिया गया। अगर मप्र की बात करें तो लोकसभा चुनाव में क्लीन स्वीप करने के इनाम में वीडी शर्मा की अध्यक्षी आगे भी बरकरार रहेगी।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में मप्र में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की है। पार्टी ने राज्य की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की थी। ऐसे में केंद्र में मोदी सरकार के गठन के बाद इस बात की चर्चा तेज थी कि भाजपा मप्र में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को कोई नई जिम्मेदारी दे सकती है, उन्हें मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में भी शामिल करने की चर्चा भी थी। लेकिन अब वीडी शर्मा को लेकर एक और बड़ी जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल वह मप्र में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे। मोदी मंत्रिमंडल के गठन के बाद फिलहाल यह जानकारी सामने आ रही है। मध्य प्रदेश में भाजपा संगठन में फिलहाल किसी भी तरह का बदलाव करने के मूड में नहीं है। यानि प्रदेश अध्यक्ष के पद पर फिलहाल वीडी शर्मा ही बने रहेंगे। एमपी भाजपा की कमान वीडी शर्मा के हाथ में ही रहेंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक फिलहाल भाजपा ने मध्य प्रदेश में नए अध्यक्ष को लेकर कोई एक्शन नहीं लिया है। वीडी शर्मा के नेतृत्व में ही पार्टी का कामकाज जारी रहेगा।

पूरी चुनाव प्रक्रिया तीन-चार महीने चलेगी
मप्र में भाजपा का संगठन काफी विस्तार लिए हुए है। यहां 64 हजार से ज्यादा बूथ और एक हजार से अधिक मंडल हैं। चुनाव प्रक्रिया बूथों से प्रारंभ होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया से तीन से चार महीने समय लग सकता है। जहां तक वीडी शर्मा का सवाल है वे फरवरी 2020 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने थे। उन्हें इस पद पर रहते करीब चार साल का समय हो गया है। उनका कार्यकाल भी चुनावों के कारण बढ़ाया गया था। वीडी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी को पहले विधानसभा और उसके बाद लोकसभा चुनाव में बढ़ी जीत मिली थी। लिहाजा उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेवारी मिलना तय है। फिलहाल अमरवाड़ा विधानसभा का उपचुनाव सामने हैं और भविष्य में बुधनी, विजयपुर और बीना में उपचुनाव होने हैं। संगठन की नब्ज जानने वाले वीडी शर्मा को इन चुनावों तक राष्ट्रीय राजनीति की बजाए में ही रखा जाएगा। प्रदेश सूत्रों का यह भी कहना है कि वीडी शर्मा को दूसरी बार भी प्रदेश की कमान मिल सकती है। यदि ऐसा हुआ तो वे पहले नेता होंगे जो अध्यक्ष पद का कार्यकाल लगातार दो बार पूरा करेंगे। भाजपा में सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी और नरेन्द्र सिंह तोमर दो बार प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं पर उनके कार्यकाल में कुछ समय का अंतर रहा है।

आलाकमान ने माना वीडी का लोहा
वीडी शर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने मप्र के सभी चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। नगरीय निकाय और विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में पार्टी ने सभी सीटों पर जीत हासिल की है। खुद वीडी शर्मा खजुराहो लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। वीडी शर्मा को 2019 में मप्र में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वह लगातार दूसरी बार खजुराहो लोकसभा सीट से सांसद चुने गए हैं। वीडी शर्मा ने 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बड़ी जीत हासिल की है। वीडी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी ने कई नवाचार भी प्रदेश में किए थे। जिनका लाभ भी पार्टी को चुनावों में मिला है। खास बात यह है कि पीएम नरेंद्र मोदी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह समेत भाजपा के कई बड़े नेता वीडी शर्मा की नेतृत्व से खुश माने जाते हैं। दमोह लोकसभा सीट पर प्रचार के दौरान खुद पीएम मोदी ने जेपी नड्डा की तारीफ की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि फिलहाल लोकसभा चुनाव में जीत के ईनाम के तौर वीडी शर्मा का कार्यकाल और बढ़ाया जा सकता है।

उपचुनाव में पार्टी का नेतृत्व  
खास बात यह भी है कि मध्य प्रदेश में फिलहाल छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। जबकि आने वाले कुछ महीनों में कुछ सीटों पर उपचुनाव की संभावना बन रही है। ऐसे में यह उपचुनाव भी वीडी शर्मा के नेतृत्व में ही लड़े जाने की संभावना है। दरअसल, लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा के नेतृत्व में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी दो कार्यकाल पूरे हो चुके हैं। ऐसे में उन्हें मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। जिससे माना जा रहा था कि केंद्र की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी बदलाव होगा और वीडी शर्मा को कोई नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। राजनीतिक गलियारों में तो चर्चा यहां तक शुरू हो गई थी कि राष्ट्रीय संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। लेकिन फिलहाल इन अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है। क्योंकि अभी भाजपा में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति भी होनी है। ऐसे में वीडी शर्मा को फिलहाल पार्टी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के संकेत मिल चुके हैं। खास बात यह है कि अब तक मध्य प्रदेश में लगातार किसी भी प्रदेश अध्यक्ष को तीसरा कार्यकाल नहीं मिला है। लेकिन वीडी शर्मा यह रिकॉर्ड बना सकते हैं। क्योंकि उन्हें तीसरा कार्यकाल मिलने की लगभग हरी झंडी मिल चुकी है।