मध्य प्रदेश में फिर खिल सकता है ‘कमल’, छिंदवाड़ा भी फतह करने के आसार

भोपाल ।  मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव में इस बार भी भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। 1 जून शाम को सामने आए तमाम सर्वे में भारतीय जनता…

मध्य प्रदेश में फिर खिल सकता है ‘कमल’, छिंदवाड़ा भी फतह करने के आसार

भोपाल ।  मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव में इस बार भी भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। 1 जून शाम को सामने आए तमाम सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को 28-29 सीटें दी गई हैं। अपनी बड़ी जीत का दावा कर रही कांग्रेस इन आंकड़ों से चिंतित नजर आ रही है। क्योंकि कई सर्वे में भाजपा को क्लीन स्वीप दिया जा रहा है। इसका सीधा सा मतलब है कि छिंदवाड़ा भी इस बार कांग्रेस के हाथ से जाती दिख रही है। बता दें कि मध्य प्रदेश की 29 सीटों के लिए चार चरणों में मतदान हुआ था। कांग्रेस लगातार दावा कर रही थी कि इस बार प्रदेश में भाजपा को बड़ा नुकसान होगा। पर आज आए एग्जिट पोल भाजपा को बढ़त दिखा रहे हैं। हालांकि एग्जिट पोल सिर्फ अनुमान हैं। 4 जून को आने वाले नतीजे तय करेंगे कि प्रदेश में किस दल को कितनी सीटें मिली हैं। 

क्या कहते हैं सर्वे

लोकसभा चुनाव के सातों चरण का मतदान होने के बाद एग्जिट पोल सामने आए हैं। हम यहां आपको बता रहे हैं कि किस सर्वे में किस दल को कितनी सीटें मिल रही हैं। न्यूज 24- टुडेज चाणक्य के सर्वे में भाजपा को प्रदेश की सभी 29 सीटें दी गई हैं। कांग्रेस को एक भी सीट इस सर्वे में नहीं दी जा रही है। इंडिया टीवी के सर्वे में भाजपा को 28 से 29 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। कांग्रेस को एक सीट दी जा रही है। एबीपी सी वोटर की मानें तो भाजपा को 26-28 सीटें तो कांग्रेस को 1-3 सीटें मिल सकती हैं।  इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में भाजपा को 28-29 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। कांग्रेस को 0-1 सीटें मिल सकती हैं। दावा किया जा रहा है कि नकुलनाथ भी अपनी सीट गंवा सकते हैं। वहीं एनडीए को 61 प्रतिशत वोट का अनुमान भी बताया गया है। टाइम्स नाऊ के सर्वे में भाजपा को सभी 29 सीटें दी जा रही हैं।

2019 कैसे रहे थे नतीजे

एग्जिट पोल एक तरह का सर्वे होता है, ये नतीजे नहीं होते। नतीजे इससे अलग भी हो सकते हैं। चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। लेकिन कई बार एग्जिट पोल नतीजों के आसपास भी होते हैं। बात करें 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल की तो ये नतीजों के नजदीक थे। अधिकांश सर्वे ने भाजपा को 28 से 29 सीटें मिलन का दावा किया था, और परिणाम में भी भाजपा को 28 सीटें मिली थीं।