मकान की दीवार गिरी, नीचे दबकर चार बच्चों की मौत 

भोपाल । एक निजी स्कूल के प्रवेश द्वार के पास स्थित घर की दीवार ढहने से चार बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई। इस हादसे में आठ बहनों…

मकान की दीवार गिरी, नीचे दबकर चार बच्चों की मौत 

भोपाल । एक निजी स्कूल के प्रवेश द्वार के पास स्थित घर की दीवार ढहने से चार बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई। इस हादसे में आठ बहनों का इकलौता भाई भी शिकार हो गया। साथ ही, एक बच्ची और एक महिला अभिभावक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना है प्रदेश के रीवा जिले के गढ़ कस्बे की। यहां पर सन राइज स्कूल के पास ये दर्दनाक हादसा हुआ। हादसा जिस समय हुआ, उस समय स्कूल की छुट्टी हुई थी और बच्चे स्कूल से बाहर निकल रहे थे। कई अभिभावक बाहर खड़े बच्चों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सिंह के मुताबिक, गढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ गांव में यह हादसा शनिवार को दोपहर तीन बजे हुआ। सनराइज विद्यालय की छुट्टी हुई थी। इस दौरान बच्चों के अभिभावक उन्हें लेने के लिए खड़े थे। बच्चे स्कूल से निकल रहे थे और जैसे ही वे स्कूल के बगल में बने एक घर की दीवार के पास पहुंचे, तभी वह भरभरा कर बच्चों के ऊपर गिर गई। हादसे में एक महिला अभिभावक समेत आठ बच्चे दब गए, जबकि दो बच्चे आंशिक रूप से चोटिल हुए। दीवार गिरने पर आसपास के बाद लोगों ने गढ़ पुलिस के साथ बचाव कार्य किया। मलबे में दबे सात बच्चों और एक महिला अभिभावक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पांच वर्षीय अंशिका गुप्ता, सात वर्षीय मान्या गुप्ता, पांच वर्षीय अनुज प्रजापति और पांच वर्षीय सिद्धार्थ गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। आठ वर्षीय रक्षा गुप्ता और 28 वर्षीय महिला अभिभावक रानी प्रजापति का गंभीर घायल अवस्था में उपचार चल रहा है। इनमें से अंशिका, मान्या और सिद्धार्थ एक ही घर के बच्चे थे। सिद्धार्थ अपनी आठ बहनों का इकलौता भाई था। मामले में रीवा की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने चार बच्चों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश किए हैं।