मप्र में भाजपा का क्लीन स्वीप

11 लाख से अधिक लालवानी तो 8 लाख वोटों से जीते शिवराज  कमलनाथ ने हार कबूली, सिंधिया ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत भोपाल। मप्र में भाजपा ने पहली बार लोकसभा…

मप्र में भाजपा का क्लीन स्वीप

11 लाख से अधिक लालवानी तो 8 लाख वोटों से जीते शिवराज
 कमलनाथ ने हार कबूली, सिंधिया ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

भोपाल। मप्र में भाजपा ने पहली बार लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटों पर क्लीन स्वीप किया है। 1980 से 2024 तक हुए 12 चुनावों में यह पहला मौका है, जब प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा के सांसद काबिज हुए हैं। इससे पहले 1984 में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में क्लीन स्वीप किया था। वर्ष 2000 से पहले अविभाजित मप्र में लोकसभा की 40 सीटें थीं। इन सभी सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार जीते थे। अब ठीक 40 साल बाद 2024 में भाजपा ने क्लीन स्वीप किया है।
देश की सबसे बड़ी जीत मप्र को मिली है। इंदौर से भाजपा सांसद शंकर लालवानी 11 लाख से अधिक वोटों से जीत हैं तो वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आठ लाख वोटों से जीतकर दूसरे नंबर पर हैं।  प्रदेश की औद्योगिक राजधानी ने नोटा में सर्वाधिक वोटों के साथ ही लोकसभा चुनावों के इतिहास में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी बनाया है। भाजपा के शंकर लालवानी ने 11 लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। ये लोकसभा चुनाव की इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2019 में गुजरात के नावासार सीट पर भाजपा के सीआर पाटिल ने 6,89,668 वोटों से जीत कर अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की थी। बता दें कि इंदौर में नोटा दूसरे नंबर पर मुकाबले में है। लेकिन नियमों के तहत जीत के अंतर में उसे शामिल नहीं किया जाएगा। तीसरे नंबर पर बसपा के संजय सोलंकी रहे।

छिंदवाड़ा में 26 साल बाद भाजपा की जीत
छिंदवाड़ा लोकसभा के लिए काउंटिंग समाप्त हो गई है। यहां से भाजपा के बंटी साहू ने कांग्रेस के नकुलनाथ को एक लाख 13 हजार 555 वोटों से हरा दिया है। जीत के साथ ही भाजपा ने विजयी जुलूस निकालना शुरू कर दिया है। ढोल की थाप पर डांस करते हुए कार्यकर्ता गुलाल भी उड़ा रहे हैं। साथ ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि भाजपा ने कमलनाथ के गढ़ पर 26 साल बाद एक बार फिर कब्जा जमाया है। यहां 1997 में हुए उप चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा ने कमलनाथ को हराया था। अब 2024 में भाजपा के विवेक साहू बंटी ने कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को मात दी है। साहू को कमलनाथ ने पिछले विधानसभा चुनाव में हराया था, लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट को जीतने में पूरी ताकत झोंक दी थी।

टीकमगढ़ में वीरेंद्र कुमार चार लाख वोटों से जीतें
टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के डा. वीरेंद्र कुमार चार लाख से अधिक मतों से जीते है। चुनाव जीतने के बाद वीरेंद्र कुमार मतगणना केंद्र पहुंचे और अपने समर्थकों के साथ विक्ट्री साइन दिखाया। साथ ही कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं वजह से सफलता मिली है।

 सिंधिया ने 512158 मतों से जीत दर्ज की
गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर एक बार फिर सिंधिया ने अपनी वापसी की है। 2019 के चुनाव में मिली हार से सबक लेते हुए इस बार उन्होंने जी तोड़ मेहनत कर रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की। सिंधिया को 880666 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव को 368502 मत मिले। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 512158 मतों से जीत दर्ज कर इतिहास बनाया।

दमोह में भाजपा की रिकॉर्ड जीत
दमोह से भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी ने पिछले 35 साल के जीत का रिकार्ड तोड़ा है। राहुल सिंह लोधी 389900 वोटों से आगे है, जबकि पूर्व दमोह सांसद और वर्तमान पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल 3 लाख 53 हजार 411 वोटों से जीते थे। राहुल सिंह को अब तक  678409 मत मिले जबकि निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के तरवर सिंह लोधी को मिले 288509 मत मिले हैं।

होशंगाबाद में दर्शन सिंह चौधरी जीते
होशंगाबाद लोकसभा सीट से भाजपा के दर्शन सिंह चौधरी ने कांग्रेस के संजय शर्मा 4,31,696 वोटों से हरा दिया। भाजपा के दर्शन सिंह चौधरी को 8,12,147 वोट मिले तो कांग्रेस के संजय शर्मा को 3,80,451 वोट मिले। भाजपा के विजयी होने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए मिठाई खिलाई।

विदिशा सीट पर बंपर जीत
विदिशा लोकसभा सीट के लिए मतगणना रायसेन के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पूरी हो चुकी है। यहां से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व सीएम शिवराज ने 8 लाख 20 हजार 868 वोटों से जीत दर्ज की है उन्होंने कांग्रेस से प्रताप भानु शर्मा सहित अन्य प्रत्याशियों को हराया है।

लता वानखेड़े 4,69,083 वोटों से जीतीं
सागर लोकसभा चुनाव में भाजपा की लता वानखेड़े ने जीत दर्ज की है। यहां से कांग्रेस के चंद्रभूषण हार गए हैं। सागर में भाजपा प्रत्याशी लता वानखेडे 4.69,083 लाख से ज्यादा वोटों से जीती हैं। जीत के बाद घर में पूजा-पाठ करते हुए वीडियो भी जारी किया गया है। उन्होंने यह जीत कार्यकर्ताओं की बताई।

वीडी शर्मा 5 लाख से अधिक वोट से जीते
खजुराहो लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी वीडी शर्मा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 5 लाख 25 हजार 798 वोटों से हराया है। वीडी शर्मा को कुल 7,51,970 वोट मिले है। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी रहे बीएसपी के प्रत्याशी कमलेश पटेल को कुल 2,26,172 वोट मिले है। तीसरे नम्बर पर इंडी गठबंधन की ओर से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लाक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति राजा भैया तीसरे नंबर रहे, उन्हें कुल 49226वोट मिले है।

 डीडी उईके ने जीत का अपना रिकार्ड तोड़ा
बैतूल लोकसभा सीट पर भाजपा ने एक बार फिर से जीत का परचम लहरा दिया है। भाजपा के डीडी उइके ने दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के रामू टेकाम को करीब 4 लाख मतों से पराजित किया। उन्होंने जीत का अपना ही पिछला रिकार्ड तोड़ा है। 2019 में उन्होंने कांग्रेस के रामू टेकाम को 2 लाख मतों से पराजित किया था, इस बार जीत का अंतर डबल हुआ है।

कुलस्ते 1 लाख से अधिक वोट से जीते
मंडला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते 1,0,4002 वोट से जीत गए। उन्होंने कांग्रेस के ओमकार सिंह मरकाम को हराया। मरकाम को कुल 6,45,759 वोट मिले। वहीं कुलस्ते को 7,49,761 वोट मिले। जीत के बाद समर्थकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी।

राजगढ़ में दिग्विजय की करारी हार
राजगढ़ लोकसभा सीट भाजपा के रोड़मल नागर ने एक बार फिर से जीत हासिल की है। उन्होंने पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को 1 लाख 46 हजार 89 वोटों से पराजित किया है। नागर को 7 लाख 58 हजार 743 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस के सिंह ने 6 लाख12 हजार 654 वोट हासिल किए। तीसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी के राजेंद्र सूर्यवंशी रहे। उन्हें 13 हजार 942 वोट मिले। पूर्व सीएम ने नागर को जीत के बाद बधाई दी।

आलोक शर्मा 5 लाख वोटों से जीते
भोपाल में भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने 5 लाख 1499 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें 9 लाख 81 हजार 109 वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस कैंडिडेट अरुण श्रीवास्तव को 4 लाख 79 हजार 610 वोट प्राप्त हुए। नोटा को 6629 वोट मिले। सभी प्रत्याशियों को मिलाकर 14 लाख 91 हजार 664 वोट गिने गए। भोपाल लोकसभा सीट से कुल 22 कैंडिडेट्स मैदान में थे।

 मुरैना से शिवमंगल सिंह तोमर जीते
मुरैना लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर 50620 वोटों से जीते। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल नीटू सिकरवार हराया।

जबलपुर में आशीष दुबे जीते
जबलपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे ने चार लाख 86 हजार 674 वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। 19 मई को हुई वोटिंग में जबलपुर लोकसभा सीट के लिए 61 प्रतिशत मतदान हुआ था।

खरगोन सीट पर गजेंद्र सिंह जीते
खरगोन लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। हालांकि पिछली बार की तुलना में करीब 65 हजार वोट कम मिले। जनता को धन्यवाद देते हुए गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह चुनाव विकसित भारत का चुनाव था। मोदी के नेतृत्व में भाजपा के लाखों-लाख कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से ऐसे परिणाम सामने आए हैं। हम करीब डेढ़ लाख वोटों से जीते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के हजारों कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर नीचे तक गए। परिणाम यह रहा कि हम चुनाव जीते।

देवास सीट पर महेंद्र सोलंकी जीते
देवास-शाजापुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह सोलंकी ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र मालवीय को 4 लाख 25 हजार 265 से अधिक मतों से हराकर रिकार्ड जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर ऋजू बाफना ने प्रमाण-पत्र दिया। जनता को धन्यवाद देते हुए महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि इसके बाद उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास मेरी प्राथमिकता में शामिल रहेंगे।

मंदसौर में सुधीर की जीत की हैट्रिक
मंदसौर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुधीर गुप्ता ने जीत की हैट्रिक लगाई। जनता को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रयासों से जीत मिली है। बता दें कि भाजपा के सुधीर गुप्ता का मुकाबला कांग्रेस के दिलीप सिंह गुर्जर से था। इस सीट पर कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे। वहीं, कुल 18 लाख 98 हजार 60 वोटर में से 14 लाख 28 हजार 383 ने मतदान हुआ था। इसमें से भाजपा को 9 लाख 03 हजार 147 वोट मिले। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को महज 4 लाख 25 हजार 592 वोट ही मिल पाए।

धार से दूसरी बार भाजपा की सावित्री जीतीं
धार लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सावित्री ठाकुर ने दूसरी बार जीत दर्ज की। धार सीट पर कुल 14 लाख 63 हजार 743 लाख मतदाता ने वोट डाला था। इसमें से सावित्री को 2 लाख 18 हजार वोट मिले।  यहां भाजपा ने 41 हजार 687 मतों से विजयी हुई। सावित्री ठाकुर को संसदीय क्षेत्र की जनता ने दूसरी बार मौका दिया है। इससे पहले वर्ष 2014-19 तक पांच साल सांसद रह चुकी हैं।

खंडवा में ज्ञानेश्वर पाटिल की जीत
खंडवा लोकसभा सीट पर ज्ञानेश्वर पाटिल 2 लाख 50 हजार वोटों से जीत दर्ज कर ली है। काउंटिंग में ज्ञानेश्वर पाटिल को 861188 वोट मिले वहीं कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल को 591540 वोट मिले हैं। ज्ञानेश्वर को इस सीट पर करीब 57 फीसदी वोट मिले हैं वहीं उनके प्रतिद्वंदी नरेंद्र पटेल 39.18 प्रतिशत वोट हासिल करने में कामयाब रहे।

 5वीं बार जीते गणेश सिंह
सतना लोकसभा सीट के भाजपा के गणेश सिंह ने 5वीं बार जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को करीब 84 हजार 949 मतों से पराजित किया है। यहां पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच में था। भाजपा को यहां 4 लाख 59 हजार 728 मत मिले, जबकि कांग्रेस को 374779 वोट मिले। मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी के बसपा की ओर से मैदान में आने से मुकाबला रोचक हो गया था। उन्होंने 1 लाख 85 हजार 618 मत हासिल किए। सतना सीट पर इस बार 19 प्रत्याशी मैदान में थे।

रतलाम में भाजपा का जलवा
रतलाम संसदीय क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी अनीता नागर सिंह चौहान ने रतलाम संसदीय क्षेत्र में एक ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के गद्दावार नेता और प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को 2 लाख 7 हजार 2 सौ 32 मतों के भारी अंतर से पराजित किया है। इस प्रचंड जीत के साथ अनीता चौहान ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है, जिससे पूरे संसदीय क्षेत्र में जश्न का माहौल है।

भिंड से दोबारा सांसद बनी संध्या राय
भिंड लोकसभा सीट पर भाजपा की संध्या राय ने 65 हजार वोटों से जीत दर्ज की है। इस सीट पर संध्या राय को अब तक 53,3462 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया को 47,0169 वोट मिले हैं। भाजपा ये सीट लगातार 35 साल से जीत रही है।

रीवा सीट पर जनार्दन मिश्रा की जीत
रीवा लोकसभा सीट पर भाजपा के जनार्दन मिश्रा ने जीत दर्ज कर ली है। इस चुनाव में जनार्दन को कुल 4,77,459 वोट मिले। जनार्दन ने 1 लाख 90 हजार वोटों के मार्जिन से यह चुनाव जीता। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी नीलम मिश्रा को 2,84,085 वोट मिले हैं।

शहडोल में हिमाद्री सिंह जीती
शहडोल लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह ने कांग्रेस के फुंदेलाल सिंह मार्को को 3 लाख 97 हजार 340 वोट से हराया। हिमाद्री सिंह को कुल 7,11,143 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के मार्को को 3,13,803 वोट मिले है। जीत के बाद मतगणना स्थल पहुंची हिमाद्री सिंह को कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया।

ग्वालियर में भारत सिंह कुशवाह जीते
ग्वालियर लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी भरत सिंह कुशवाहा जीत गए हैं। वे अब ग्वालियर के नए सांसद होंगे। उन्होंने कांग्रेस कैंडिडेट प्रवीण पाठक को 70 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। भारत सिंह कुशवाह को 6,71,535 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के प्रवीण पाठक को 6,01,325 वोट मिले हैं।

सीधी से डॉ. राजेश मिश्रा जीते
सीधी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा ने कांग्रेस के कद्दावर नेता और प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल को 2 लाख 6 हजार 3 सौ 78 मतों के भारी अंतर से पराजित किया है। जिससे पूरे संसदीय क्षेत्र में जश्न का माहौल है।

बालाघाट से भारती जीतीं
बालाघाट से भारती पारधी 1 लाख 74 हजार 512 वोटों से जीतीं।

मप्र में 1989 से बढ़ी भाजपा की ताकत
इंदौर, भोपाल, भिंड और दमोह सीट पर भाजपा ने 1989 से लगातार अपनी जीत इस बार भी बरकरार रखी है। इंदौर में वर्ष 1984 में कांग्रेस के प्रकाश चंद्र सेठी जीते थे। इसके बाद 1989 से लगातार भाजपा के कब्जे में यह सीट रही है। यही स्थिति भोपाल की है। यहां से आखिरी बार कांग्रेस प्रत्याशी केएन प्रधान 1984 में जीते थे। इसके बाद यहां भी 1989 से लगातार यहां भाजपा जीतती रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को यहां से लड़ाया, पर उन्हें भी हार मिली। इस बार पूर्व महापौर आलोक शर्मा ने कांग्रेस के अरुण श्रीवास्तव को मात दी है। भिंड, विदिशा और दमोह में भी 1989 यानी से भाजपा ही जीतती रही है। जबलपुर, मुरैना बैतूल और सागर में भाजपा वर्ष 1996 से लगातार जीत रही है।