कांग्रेस को मजबूत करने की कवायद

प्रदेश कांग्रेस ने बनाया रोडमैप, ग्राउंड जीरो से शुरू होगा संगठन का काम भोपाल। कांग्रेस के प्रदेश के नेताओं ने संगठन को मजबूत करने के लक्ष्य पर काम शुरू किया…

कांग्रेस को मजबूत करने की कवायद

प्रदेश कांग्रेस ने बनाया रोडमैप, ग्राउंड जीरो से शुरू होगा संगठन का काम

भोपाल। कांग्रेस के प्रदेश के नेताओं ने संगठन को मजबूत करने के लक्ष्य पर काम शुरू किया है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस ने एक रोडमैप बनाकर जिलाध्यक्षों को दिया है, जिसके माध्यम से संगठन को नए सिरे से खड़ा करना है। अध्यक्षों को ग्राउंड जीरो पर जाकर काम करने के लिए कहा गया है, जिसमें बूथ प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके बाद वार्ड और विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी बनाए जाएंगे। सबकुछ होने के बाद शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी गठित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी भंवर जितेंद्रसिंह ने पहले ही सभी जिलों में पीसीसी से प्रभारी बनाकर भेज दिए हैं। वार्ड स्तर पर 51 कार्यकर्ताओं की कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी में आधी संख्या महिलाओं की रहेगी। वार्ड के प्रभारी जिला नेतृत्व की सहमति से इस कमेटी का गठन करेंगे।

भेजेंगे दूसरे क्षेत्र के प्रभारी

इस बार विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी भी बनाए जाएंगे, जो वार्ड की कमेटियों का संचालन करेंगे। इसके साथ ही मंडलम अध्यक्षों की नियुक्ति भी की जाएगी। सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी बनाए जाएंगे, जो दूसरी विधानसभा के रहेंगे, ताकि वे निष्पक्ष काम कर सकें।

 

शहर कांग्रेस साल के अंत तक

इस पूरी प्रक्रिया में कम से कम 3 से 4 माह का समय लग सकता है। इसके बाद शहर कांग्रेस कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। इसमें भी काम करने वालों को तवज्जो दी जाएगी।

 

मोर्चा-संगठन भी नए सिरे से गठित


भाजपा की तरह सभी जातियों और युवा, महिला, सेवादल जैसे संगठन कांग्रेस में हैं, पर इंदौर में कोई मोर्चा-संगठन सक्रिय नहीं है। सबसे ज्यादा युवक कांग्रेस की हालत खराब है। आपसी लड़ाई में युवक कांग्रेस की कार्यकारिणी भी ठंडी पड़ी हुई है। महिला अध्यक्ष बदलने के बाद कुछ काम मैदान में नजर नहीं आ रहा है। वहीं सेवादल का काम भी ठंडा पड़ा हुआ है। कांग्रेस में कहने को 27 प्रकोष्ठ हैं, लेकिन उनके अध्यक्ष पद लेकर घर बैठ गए हैं। सभी मोर्चा-संगठन और प्रकोष्ठ को भी भंग कर नए सिरे से गठित किया जाएगा।