मुंबई से गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट की ढाका में क्यों हुई लैंडिंग? एयरलाइन ने बताई वजह…

मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को शनिवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में लैंडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा। घने कोहरे को इसके पीछे की वजह…

मुंबई से गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट की ढाका में क्यों हुई लैंडिंग? एयरलाइन ने बताई वजह…

मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को शनिवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में लैंडिंग के लिए मजबूर होना पड़ा।

घने कोहरे को इसके पीछे की वजह बताया गया है।

इसके कारण फ्लाइट असम के गुवाहाटी हवाई अड्डे पर नहीं उतर सकी। बाद में फ्लाइट को असम शहर से 400 किलोमीटर से अधिक दूर ढाका की ओर मोड़ दिया गया।

इसको लेकर इंडिगो एयरलाइंस का बयान भी आ गया है। इंडिगो ने कहा, “असम के गुवाहाटी में खराब मौसम के कारण मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 5319 को बांग्लादेश के ढाका की ओर मोड़ दिया गया।

परिचालन कारणों से, ढाका से गुवाहाटी तक फ्लाइट ऑपरेट करने के लिए दूसरे क्रू मेंबर्स की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को अपडेट के बारे में सूचित कर दिया गया था और उन्हें फ्लाइट के अंदर पर जलपान कराया गया है।”

इससे पहले इम्फाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने जा रहे मुंबई युवा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सूरज सिंह ठाकुर ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि वह मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट में थे, लेकिन उस फ्लाइट को डायवर्ट कर दिया गया।

उन्होंने लिखा, “मैंने मुंबई से गुवाहाटी के लिए इंडिगो 6ई की फ्लाइट संख्या 6E 5319 ली थी। लेकिन घने कोहरे के कारण फ्लाइट गुवाहाटी में नहीं उतर सकी। इसके बजाय, यह ढाका में उतरी।” उन्होंने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री अपने पासपोर्ट के बिना अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए।

कांग्रेस नेता ने लिखा कि यात्री अभी भी विमान के अंदर हैं। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “मैं अब 9 घंटे से विमान के अंदर फंसा हुआ हूं।

मैं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए मणिपुर (इम्फाल) के लिए रवाना हुआ। देखते हैं मैं कब गुवाहाटी पहुंचता हूं और फिर इंफाल के लिए उड़ान भरूंगा।” 

Post Views: 4