सावधान! गलन भरी ठंड में घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट, कई इलाकों में बारिश के आसार; जानें आज का मौसम…

उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड…

सावधान! गलन भरी ठंड में घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट, कई इलाकों में बारिश के आसार; जानें आज का मौसम…

उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति बरकरार रह सकती है।

अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सुबह बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मालूम हो कि दृश्यता जब शून्य से 50 मीटर के बीच हो तो बहुत घना कोहरा, 51 से 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच हल्का कोहरा होता है।

30-31 दिसंबर से ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। उत्तरी मैदानी इलाकों में शनिवार सुबह से कोहरे की परत छाई है।

इससे दृश्यता कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ है। भारतीय रेल के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण शुक्रवार को दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं।

दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप जारी है। प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा।

राजधानी में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के लोगों को आज भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। 

दिल्ली-NCR, यूपी में बर्फीली हवाओं से बढ़ी कंपकपी
बर्फीली हवाओं ने लोगों की कंपकपी और ज्यादा बढ़ा दी है। सर्द हवाएं दिल्ली-एनसीआर के लेकर यूपी के पूर्वांचल तक महसूस की जा रही हैं।

यह जरूर है कि दिन में बादल छाए रहने से रात का तापमान कुछ बढ़ जाता है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत कई इलाकों में लोग गलन महसूस कर रहे हैं जहां न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंचता दिखा।

अमृतसर में पारा 1.4 और बठिंडा में 2 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के नारनौल में 2.2, हिसार में 2.6 और झज्जर में 3.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजस्थान के माउंड आबू में तो शुक्रवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब के अलग-अलग इलाकों को लेकर आज कोहरे का रेड अलर्ड जारी है। यहां अगले तीन दिन के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।  

उत्तराखंड भीषण ठंड की चपेट में, कोहरे को लेकर अलर्ट
देहरादून सहित उत्तराखंड के अन्य पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में आ गया।

जबरदस्त ठंड से बढ़ी ठिठुरन के बीच मौसम विभाग ने कहा कि प्रदेश में शीतलहर की स्थिति अगले कुछ दिन अभी बनी रहेगी। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और यह 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देहरादून में आज सुबह धुंध छायी हुई है। कल दिन भर धूप का लुका-छिपी का खेल चलता रहा। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहीं और शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए।

मौसम विभाग ने 16 जनवरी तक राज्य के हरिद्ववार, उधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के मैदानी क्षेत्रों में शीत लहर व घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

उधमसिंह नगर व हरिद्वार जिलों में शनिवार के लिए प्रचंड शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी है।

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कई भागों में अगले 2 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में 14 जनवरी तक कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16-17 जनवरी को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

आज भी उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है।

आज सुबह से कई क्षेत्रों में कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। घना कोहरा पड़ने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

विजिबिलिटी कम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम के समय जिला में लोग भी घरों से बाहर कम ही निकल रहे हैं।

Post Views: 8