अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था 26 जून को होगा रवाना

9 जून को भेल बरखेड़ा महात्मा गांधी शासकीय स्कूल के सामने लगेगा स्वास्थ्य शिविर भोपाल।  राजधानी भोपाल से अमरनाथ यात्रा करने के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था 26 जून को…

अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था 26 जून को होगा रवाना

9 जून को भेल बरखेड़ा महात्मा गांधी शासकीय स्कूल के सामने लगेगा स्वास्थ्य शिविर

भोपाल।  राजधानी भोपाल से अमरनाथ यात्रा करने के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था 26 जून को रवाना होगा। इसमें 300 यात्री शामिल होंगे। ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के नेतृत्व में पहले जत्थे में शामिल सभी यात्रियों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर फूल माला पहनाकर स्वागत किया जाएगा। यात्री 29 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा करेंगे। इसके लिए नौ जून रविवार को भेल बरखेड़ा स्थित शासकीय महात्मा गांधी स्कूल के सामने स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसमें अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों का एक-एक करके डाक्टरों की टीम स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। जांच में सही मिले लोगों को यात्रा पर जाने की अनुमति दी जाएगी।
ओम शिवशक्ति सेवा मंडल की ओर से अमरनाथ यात्रा पर भेजने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि यात्रा संबंधी मार्ग, कठिनाइयां सहित अन्य बातें बताई गई हैं, ताकि यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी न हो और बर्फानी बाबा के दर्शन आसानी से हो सकें। मंडल के पदाधिकारी भी जत्थे के साथ जाएंगे, जिन्हें अमरनाथ यात्रा करने का वर्षों से अनुभव है।

 

15 जत्थे ओम शिवशक्ति सेवा मंडल की ओर से जाएंगे

इस बार अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीयन कराने वालों की संख्या में 15 हजार से अधिक पहुंच गई है। आनलाइन व आफलाइन पंजीयन 15 हजार हो चुके हैं। ये यात्री अलग-अलग तारीख पर यात्रा करेंगे। मंडल की ओर से 29 जून से 19 अगस्त तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए 15 जत्थे रवाना किए जाएंगे। इनमें 300, 200, 100 यात्रियों के जत्थे शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य यात्री भी अपने हिसाब से अमरनाथ यात्रा पर जाएंगे।

 

बदली यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था


ओम शिव सेवा मंडल की ओर से जम्मू में संत रविदास मंदिर प्रांगण में यात्रियों के लिए ठहरने व भोजन की व्यवस्था हर वर्ष की जाती थी। इस बार जम्मू में लगने वाले भंडारा बालटाल व चंदनवाड़ी में शिफ्ट किया गया है। वहीं यात्रियों को रात्रि में विश्राम जम्मू स्टेशन के पास वैष्णवी धाम व कालिका धाम में कराया जाएगा। इस दौरान मंडल के पदाधिकारी यात्रियों की व्यवस्था में मौजूद रहेंगे।